क्या कल रिलीज होगा ‘धुरंधर 2’ का टीज़र? रणवीर सिंह की एक पोस्ट से बढ़ी हलचल
रणवीर सिंह के “3 फरवरी, 12:12” वाले पोस्ट के बाद फैंस लगा रहे हैं कयास, ‘धुरंधर 2’ को लेकर जल्द आ सकता है बड़ा अपडेट

रणवीर सिंह इन दिनों अपनी सुपरहिट फिल्म ‘धुरंधर’ को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। फिल्म को दर्शकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था और अब यह नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है। धुरंधर 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म साबित हुई थी।
इसी बीच रणवीर सिंह ने सोशल मीडिया पर एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर कर दी है, जिसने फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है। रणवीर ने अपनी पोस्ट में लिखा है— “कल (3 फरवरी) 12:12”। इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है कि क्या ‘धुरंधर 2’ का टीज़र कल रिलीज होने वाला है।

हालांकि, मेकर्स की ओर से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इससे पहले खबरें थीं कि धुरंधर 2 का टीज़र सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ के साथ रिलीज होगा, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। बाद में फिल्म के निर्देशक आदित्य धर ने साफ किया था कि टीज़र जल्द ही दर्शकों के सामने आएगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के दूसरे पार्ट का नाम ‘धुरंधर: द रिवेंज’ हो सकता है। यह फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
गौरतलब है कि आदित्य धर द्वारा निर्देशित ‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह के साथ अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे दमदार कलाकार नजर आए थे। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई की थी। Sacnilk के आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने दुनियाभर में करीब 1303 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था, जबकि भारत में नेट कलेक्शन 836.95 करोड़ रुपये रहा। वहीं ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने 299 करोड़ रुपये कमाए थे।
फिल्म में सारा अर्जुन फीमेल लीड रोल में नजर आई थीं। इसके अलावा फिल्म के गाने भी सुपरहिट रहे। खासतौर पर ‘शरारत’ नाम का आइटम सॉन्ग दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ था, जिसे आयशा खान और क्रिस्टल डिसूजा ने परफॉर्म किया था। वहीं अक्षय खन्ना की एक्टिंग, डांस और स्टाइल सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई थी।
अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या रणवीर सिंह की यह पोस्ट वाकई ‘धुरंधर 2’ के टीज़र की ओर इशारा कर रही है या फिर फैंस को अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा।