पटना सिटी में दिनदहाड़े बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या, पारिवारिक विवाद में भांजा गिरफ्तार
चौक थाना क्षेत्र के बंगाली टोला मोड़ के पास सुबह 10:30 बजे हुई वारदात, FSL टीम और पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही

पटना (बिहार): पटना सिटी में गुरुवार (12 फरवरी) को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चौक थाना क्षेत्र के विवेकानंद कॉलोनी मोड़ के पास करीब 10:30 बजे 70 वर्षीय मोहम्मद रईस की गला काटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार, हमलावर ने तेज धारदार हथियार (चापड़) से बुजुर्ग की गर्दन पर वार किया। वार इतना गंभीर था कि गर्दन का पिछला हिस्सा बुरी तरह कट गया। मौके पर ही अधिक खून बहने से बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना स्थल को बंगाली टोला मोड़ के पास बताया जा रहा है।
परिजनों का आरोप: भांजे ने दिया वारदात को अंजाम
मृतक की बेटी शबनम खातून ने बताया कि हत्या का आरोप उनके फुफेरे भाई मोहम्मद अयाज पर है। उनका कहना है कि पिता के घर से निकलने के कुछ देर बाद ही अयाज भी पीछे-पीछे निकला था। परिजनों का दावा है कि आरोपी पहले भी जान से मारने की धमकी दे चुका था।
बताया जा रहा है कि परिवार के अंदर चल रहा विवाद ही इस हत्या की मुख्य वजह हो सकता है।
मौके पर पहुंची पुलिस, FSL टीम जुटा रही सबूत
घटना की जानकारी मिलते ही चौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। इसके बाद FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया, जो घटनास्थल से सबूत इकट्ठा कर रही है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि वारदात की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
DSP गौरव कुमार ने क्या कहा?
पटना सिटी के DSP गौरव कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बंगाली टोला मोड़ पर एक शव पड़ा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव की पहचान मोहम्मद रईस के रूप में हुई।
DSP ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे गिरफ्तार भी कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
इलाके में डर का माहौल
दिनदहाड़े हुई इस निर्मम हत्या के बाद इलाके के लोग सहमे हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बेरहमी से हुई वारदात ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।