BREAKING

रांची एयर एम्बुलेंस हादसा: दिल्ली के लिए उड़ान भरते ही विमान दुर्घटनाग्रस्त, सभी 7 की मौत

बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से टेकऑफ के बाद टूटा संपर्क, AAIB करेगी विस्तृत जांच

झारखंड की राजधानी रांची से एक दुखद खबर सामने आई है। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुई एक निजी एयर एम्बुलेंस उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विमान में सवार सभी सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। हादसे की जांच के लिए एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी है।

DGCA ने की आधिकारिक पुष्टि

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विमान ने शाम 7:11 बजे रांची एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। आखिरी बार इसका संपर्क शाम 7:34 बजे कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल से हुआ था। इसके बाद विमान का रडार और रेडियो संपर्क अचानक समाप्त हो गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान का संपर्क वाराणसी से लगभग 100 नॉटिकल माइल दक्षिण-पूर्व दिशा में टूट गया था। वाराणसी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (VEBN) ने बताया कि उनके एयरस्पेस में प्रवेश के बाद विमान से दोबारा संपर्क नहीं हो सका।

चतरा-सिमरिया सीमा क्षेत्र में मिला मलबा

रात करीब 8:05 बजे रेस्क्यू को-ऑर्डिनेशन सेंटर को सक्रिय किया गया और तलाशी अभियान शुरू हुआ। कुछ समय बाद झारखंड के चतरा और सिमरिया सीमा क्षेत्र के जंगलों में विमान के मलबे की सूचना मिली। बताया जा रहा है कि हादसे के समय इलाके में बारिश और खराब मौसम की स्थिति थी। हालांकि मौसम को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही सामने आएगा।

प्रशासन मौके पर, जांच जारी

चतरा एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि विमान में कुल सात लोग सवार थे। सिमरिया थाना क्षेत्र के खासियातू करमटांड़ जंगल से धातु के टुकड़े और विमान के हिस्से, जैसे प्रोपेलर और इंजन के अवशेष, बरामद हुए हैं। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बचाव दल मौके पर मौजूद हैं।

दो पायलट सहित पांच यात्री थे सवार

DGCA के अनुसार विमान में दो क्रू मेंबर और पांच यात्री सवार थे। मृतकों में दो पायलट – कैप्टन विवेक विकास बिलागत और कैप्टन सवरदीप सिंह शामिल हैं। यात्रियों में संजय कुमार (मरीज), अर्चना देवी (अटेंडेंट), धुरु कुमार (अटेंडेंट), डॉ. विकास कुमार गुप्ता (डॉक्टर) और सचिन कुमार मिश्रा (पैरामेडिक) शामिल थे।

फिलहाल संबंधित एजेंसियां हादसे के कारणों की जांच में जुटी हैं। AAIB की रिपोर्ट के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Back to top button