विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट फिर हुआ एक्टिव, फैंस की चिंता हुई खत्म
अचानक गायब हुआ अकाउंट, टेक्निकल गड़बड़ी की वजह से हुआ था डीएक्टिव

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं। गुरुवार रात उनका इंस्टाग्राम अकाउंट अचानक नजरों से ओझल हो गया था, जिससे फैंस के बीच हलचल मच गई। कई लोगों को लगा कि कहीं विराट कोहली ने इंस्टाग्राम अकाउंट डिलीट या डीएक्टिवेट तो नहीं कर दिया।
हालांकि शुक्रवार सुबह राहत की खबर आई, जब विराट कोहली का इंस्टाग्राम अकाउंट फिर से दिखाई देने लगा। इससे साफ हो गया कि उन्होंने जानबूझकर सोशल मीडिया से दूरी नहीं बनाई थी, बल्कि यह मामला किसी टेक्निकल ग्लिच का था।
274 मिलियन फॉलोअर्स वाले कोहली
इंस्टाग्राम पर विराट कोहली सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले क्रिकेटर हैं। उनके फॉलोअर्स की संख्या करीब 274 मिलियन है, जबकि वह खुद लगभग 283 अकाउंट्स को फॉलो करते हैं। ऐसे में उनका अकाउंट अचानक गायब होना स्वाभाविक रूप से सुर्खियों में आ गया।
हाल ही में किए थे पोस्ट
नए साल के मौके पर विराट कोहली ने पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ दो तस्वीरें साझा की थीं। इसके अलावा उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज की तैयारी से जुड़ा एक पोस्ट भी किया था। फैंस को लगा था कि कोहली अब फिर से नियमित रूप से इंस्टाग्राम पर एक्टिव रहेंगे, लेकिन अचानक अकाउंट गायब होने से अटकलें तेज हो गईं।
अब सिर्फ वनडे क्रिकेट पर फोकस
विराट कोहली फिलहाल अपने परिवार के साथ लंदन में रहते हैं। वह टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और अब केवल वनडे फॉर्मेट में टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। हाल ही में वह न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारत आए थे और सीरीज खत्म होते ही वापस लौट गए।