बिहार
होली पर यात्रियों को राहत: पूर्व मध्य रेलवे चलाएगा 23 स्पेशल ट्रेनें
दानापुर मंडल की तैयारी पूरी, बिहार के प्रमुख स्टेशनों से देश के कई शहरों के लिए अतिरिक्त सेवाएं
पटना। होली के अवसर पर बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल ने विशेष तैयारियां की हैं। यात्रियों को सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कुल 23 होली स्पेशल ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया गया है। इन ट्रेनों के जरिए बिहार के प्रमुख शहरों को देश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ा जाएगा।
दानापुर मंडल के अंतर्गत आने वाले प्रमुख स्टेशन—दिलदारनगर, बक्सर, आरा, दानापुर, पटना, पाटलिपुत्र, जहानाबाद, नवादा, शेखपुरा, किऊल और झाझा—पर अतिरिक्त भीड़ प्रबंधन और यात्री सुविधाओं को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, पुरी–पटना के बीच ट्रेन संख्या 08439/08440 साप्ताहिक आधार पर चलेगी। वहीं गोंदिया–पटना के बीच 08861/08862 स्पेशल ट्रेन तय तिथियों पर संचालित की जाएगी।
पटना–नई दिल्ली के बीच 03293/03294 प्रतिदिन सेवा देगी। इसके अलावा पटना–चर्लापल्ली (03253/03254/03255) साप्ताहिक रूप से चलेगी। शेखपुरा–आनंद विहार के बीच 02397/02398 और 03697/03698 स्पेशल ट्रेनें अलग-अलग दिनों में चलाई जाएंगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए पुणे–दानापुर (01481/01482 और 01449/01450) तथा लोकमान्य तिलक टर्मिनल–दानापुर (01143/01144) के बीच भी प्रतिदिन और साप्ताहिक विशेष ट्रेन सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
इसके साथ ही अहमदाबाद–पटना स्पेशल (09447/09448) का संचालन 25 और 27 मार्च तक बढ़ा दिया गया है। यह ट्रेन डीडीयू, आगरा फोर्ट और कोटा होते हुए पटना पहुंचेगी।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि होली के दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर, हेल्प डेस्क और सुरक्षा प्रबंध भी सुनिश्चित किए गए हैं।