धर्मबिहार

359वां प्रकाश पर्व: प्रभातफेरी से गूंजा पटना साहिब, सिख कलाकारों के करतब देख लोग हुए मंत्रमुग्ध

गुरु गोबिंद सिंह महाराज की जयंती को लेकर पटना सिटी स्थित तख्त श्री हरमंदिर साहिब गुरुद्वारा में तीन दिवसीय कार्यक्रमों की शुरुआत, देशभर से पहुंचे हजारों श्रद्धालु

गुरु गोबिंद सिंह महाराज की 359वीं जयंती के अवसर पर पटना सिटी स्थित तख्त श्री हरमंदिर साहिब गुरुद्वारा में बुधवार से तीन दिवसीय प्रकाश पर्व समारोह की शुरुआत हो गई। 25 से 27 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इस धार्मिक आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में सिख श्रद्धालु पटना पहुंचे हैं।

पहले दिन अल सुबह गुरुद्वारा से भव्य प्रभातफेरी निकाली गई। यह प्रभातफेरी मारूफगंज, मोर्चा रोड, पटना साहिब स्टेशन और सिटी चौक होते हुए पुनः गुरुद्वारा पहुंची। प्रभातफेरी में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया और गुरु गोबिंद सिंह महाराज के जयकारों से पूरा इलाका गूंज उठा।

इस दौरान पंजाब सहित अन्य राज्यों से आए कलाकारों ने पारंपरिक करतब और शौर्य प्रदर्शन किया, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए। ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक था।

कार्यक्रम के दूसरे दिन यानी 26 दिसंबर को गायघाट गुरुद्वारा से तख्त श्री हरमंदिर साहिब गुरुद्वारा तक भव्य नगर कीर्तन निकाला जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

27 दिसंबर को मुख्य प्रकाश पर्व मनाया जाएगा। इस अवसर पर गुरुद्वारा परिसर में विशेष दीवान सजाया जाएगा। राज्यपाल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई मंत्री और विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के हर वर्ष की तरह इस बार भी गुरुद्वारा पहुंचने की संभावना है।

प्रकाश पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। 25 से 27 दिसंबर तक गायघाट से दीदारगंज स्थित गुरु के बाग गुरुद्वारा तक अशोक राजपथ पर व्यावसायिक वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई है।

वहीं जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 25 बसों की व्यवस्था की गई है। ये बसें 21 से 28 दिसंबर तक राजगीर, नालंदा, दानापुर, गयाजी सहित अन्य प्रमुख तीर्थ स्थलों का भ्रमण कराएंगी।

Back to top button